ईश्बोशेत की हत्या
4 1जब शाऊल के पुत्र ईश्बोशेत ने सुना कि अब्नेर हेब्रोन में मर गया, तब उसका हियाव जाता रहा, और सारा इस्राएल घबरा उठा। 2शाऊल के पुत्र के पास लुटेरों के दो दलों के प्रधान थे: बानाह और रेकाब, जो बिन्यामीन के गोत्र के बेरोती रिम्मोन के पुत्र थे—क्योंकि बेरोत भी बिन्यामीन ही का भाग गिना जाता है, 3इसलिए कि बेरोती लोग गित्तैम को भाग गए थे और आज के दिन तक वहीं परदेशियों के समान रहते हैं।
4शाऊल के पुत्र योनातान के एक लड़का था, जो दोनों पाँवों से लँगड़ा था। जब यिज्रेल से शाऊल और योनातान का समाचार आया, तब वह पाँच वर्ष का था; उसकी धाई उसे लेकर भागने लगी, परन्तु भागने की हड़बड़ी में वह गिर पड़ा और लँगड़ा हो गया। उसका नाम मपीबोशेत था।
5बेरोती रिम्मोन के पुत्र रेकाब और बानाह दिन की तेज धूप के समय ईश्बोशेत के घर आए, जब वह दोपहर को विश्राम कर रहा था। 6वे गेहूँ लेने के बहाने घर के भीतर घुस गए, और उसके पेट में छुरा भोंक दिया; तब रेकाब और उसका भाई बानाह भाग निकले। 7जब वे घर में घुसे, तब ईश्बोशेत अपनी कोठरी में खाट पर लेटा हुआ था। उन्होंने उसे मारकर घात किया, और उसका सिर काट लिया, और उसे लेकर रातभर अराबा के मार्ग से चलते रहे। 8वे ईश्बोशेत का सिर हेब्रोन में दाऊद के पास ले आए, और राजा से कहा, “देख, तेरे शत्रु शाऊल के पुत्र ईश्बोशेत का सिर यह है, जो तेरे प्राणों का ग्राहक था। आज हमारे परमपिता ने मेरे प्रभु राजा का पलटा शाऊल और उसके वंश से लिया है।” a a v8 ये हत्यारे अपने अपराध का श्रेय हमारे परमपिता को देते हैं, परन्तु उनका उत्तर दाऊद के द्वारा आता है, जो उन्हें एक निर्दोष मनुष्य के हत्यारे ठहराकर दण्ड देता है।
9परन्तु दाऊद ने बेरोती रिम्मोन के पुत्र रेकाब और उसके भाई बानाह को उत्तर दिया, “हमारे परमपिता के जीवन की सौगन्ध, जिसने मेरे प्राण को सब सङ्कटों से छुड़ा लिया है, 10जब एक जन ने यह समझकर कि वह अच्छा समाचार लाया है, मुझसे कहा, ‘देख, शाऊल मर गया,’ तब मैंने उसे पकड़कर सिकलग में घात किया। उसके समाचार का यही बदला मैंने उसे दिया! 11फिर जब दुष्ट मनुष्य एक धर्मी जन को उसी के घर में उसी की खाट पर घात करें, तब कितना अधिक—क्या मैं अब उसके खून का बदला तुम से न लूँ और तुम्हें पृथ्वी पर से नष्ट न कर दूँ?” 12तब दाऊद ने अपने जवानों को आज्ञा दी, और उन्होंने उन्हें घात किया, और उनके हाथ-पाँव काटकर उनके शवों को हेब्रोन के तालाब के पास टाँग दिया। परन्तु ईश्बोशेत के सिर को उन्होंने हेब्रोन में अब्नेर की कब्र में गाड़ दिया।