119 1 धन्य हैं वे जिनका मार्ग निर्दोष है, जो हमारे परमपिता की व्यवस्था पर चलते हैं।
अलेफ़: धन्य हैं वे जो निर्दोष हैं
2 धन्य हैं वे जो उसकी चितौनियों को मानते हैं, जो अपने सम्पूर्ण मन से उसको ढूँढ़ते हैं। 3 वे कुछ कुटिलता नहीं करते; वे उसके मार्गों पर चलते हैं। 4 तूने अपने उपदेशों की आज्ञा दी है कि वे यत्न से माने जाएँ। 5 भला होता कि मेरे मार्ग तेरी विधियों को मानने में दृढ़ रहते! 6 तब मैं लज्जित न होऊँगा, जब मैं तेरी सारी आज्ञाओं पर दृष्टि रखूँगा। 7 मैं सीधे मन से तेरा धन्यवाद करूँगा, जब मैं तेरे धर्ममय नियमों को सीख लूँगा। 8 मैं तेरी विधियों को मानूँगा; मुझे पूरी रीति से न तज।
9 जवान अपने मार्ग को कैसे शुद्ध रखे? तेरे वचन के अनुसार उसकी चौकसी करने से। 10 मैं अपने सम्पूर्ण मन से तुझे ढूँढ़ता हूँ; मुझे तेरी आज्ञाओं से भटकने न दे। 11 मैंने तेरे वचन को अपने हृदय में रख छोड़ा है, कि मैं तेरे विरुद्ध पाप न करूँ। 12 हे मेरे परमपिता, तू धन्य है; मुझे अपनी विधियाँ सिखा। 13 अपने होंठों से मैं तेरे मुख के सारे नियमों का वर्णन करता हूँ। 14 तेरी चितौनियों के मार्ग में मैं ऐसा आनन्दित होता हूँ जैसा सारे धन के कारण। 15 मैं तेरे उपदेशों पर ध्यान करूँगा और तेरे मार्गों पर दृष्टि लगाए रखूँगा। 16 मैं तेरी विधियों से सुख पाता हूँ; मैं तेरे वचन को न भूलूँगा।
17 अपने दास का भला कर, कि मैं जीवित रहूँ और तेरे वचन को मानूँ। 18 मेरी आँखें खोल दे, कि मैं देखूँ कि तेरी व्यवस्था में कैसी अद्भुत बातें हैं। 19 मैं पृथ्वी पर परदेशी हूँ; अपनी आज्ञाओं को मुझ से छिपाए न रख। 20 मेरा प्राण अभिलाषा के मारे क्षीण होता जाता है, अर्थात् हर समय तेरे नियमों की लालसा से। 21 तू अभिमानियों को, अर्थात् उन शापित लोगों को डाँटता है, जो तेरी आज्ञाओं से भटक जाते हैं। 22 मेरी नामधराई और अपमान दूर कर दे, क्योंकि मैं तेरी चितौनियों को मानता हूँ। 23 हाकिम भी बैठकर मेरे विरुद्ध बातें करते हैं, तौभी तेरा दास तेरी विधियों पर ध्यान करता है। 24 तेरी चितौनियाँ मेरा सुख हैं; वे ही मेरे मंत्री हैं।
25 मेरा प्राण मिट्टी से लिपटा पड़ा है; अपने वचन के अनुसार मुझे जिला। 26 मैंने अपने मार्ग तुझे बताए, और तूने उत्तर दिया; मुझे अपनी विधियाँ सिखा। 27 अपने उपदेशों का मार्ग मुझे समझा दे, तब मैं तेरे अद्भुत कामों पर ध्यान करूँगा। 28 मेरा प्राण उदासी के मारे गल चला जाता है; अपने वचन के अनुसार मुझे स्थिर कर। 29 मुझ को झूठ के मार्ग से दूर रख, और अनुग्रह करके अपनी व्यवस्था मुझे दे। 30 मैंने सच्चाई का मार्ग चुन लिया है; मैंने तेरे नियमों को अपने सामने रखा है। 31 मैं तेरी चितौनियों से लिपटा रहता हूँ, हे मेरे परमपिता; मुझे लज्जित न होने दे। 32 मैं तेरी आज्ञाओं के मार्ग में दौड़ूँगा, क्योंकि तू मेरे हृदय को चौड़ा करता है।
33 हे मेरे परमपिता, अपनी विधियों का मार्ग मुझे सिखा, तब मैं उसे अन्त तक थामे रहूँगा। 34 मुझे समझ दे, तब मैं तेरी व्यवस्था को मानूँगा और अपने सम्पूर्ण मन से उस पर चलूँगा। 35 अपनी आज्ञाओं के पथ पर मुझे चला, क्योंकि मैं उसमें सुख पाता हूँ। 36 मेरे मन को अपनी चितौनियों की ओर फेर, न कि लोभ की ओर। 37 मेरी आँखों को व्यर्थ वस्तुओं की ओर देखने से फेर दे; अपने मार्गों में मुझे जिला। 38 अपने दास के लिए अपनी वह प्रतिज्ञा स्थिर कर, जो तेरा भय माननेवालों के लिए है। 39 जिस नामधराई से मैं डरता हूँ, उसे दूर कर, क्योंकि तेरे नियम उत्तम हैं। 40 देख, मैं तेरे उपदेशों की अभिलाषा करता हूँ; अपने धर्म के कारण मुझे जीवन दे।
41 हे मेरे परमपिता, तेरी करुणा मुझ पर हो, और तेरी प्रतिज्ञा के अनुसार तेरा उद्धार भी। 42 तब मैं उसको उत्तर दे सकूँगा जो मुझे ताना मारता है, क्योंकि मेरा भरोसा तेरे वचन पर है। 43 सत्य के वचन को मेरे मुँह से बिल्कुल न छीन, क्योंकि मेरी आशा तेरे नियमों पर है। 44 मैं तेरी व्यवस्था को निरन्तर, युगानुयुग मानता रहूँगा। 45 और मैं स्वतंत्रता से चलता रहूँगा, क्योंकि मैंने तेरे उपदेशों की खोज की है। 46 मैं राजाओं के सामने भी तेरी चितौनियों की चर्चा करूँगा और लज्जित न होऊँगा। 47 मैं तेरी आज्ञाओं में सुख पाता हूँ, क्योंकि वे मुझे प्रिय हैं। 48 मैं तेरी आज्ञाओं की ओर, जो मुझे प्रिय हैं, अपने हाथ उठाऊँगा, और तेरी विधियों पर ध्यान करूँगा।
49 अपने दास के लिए अपना वह वचन स्मरण रख, जिसके कारण तूने मुझे आशा दिलाई है। 50 मेरे दुख में मेरी शान्ति यही है, कि तेरी प्रतिज्ञा मुझे जीवन देती है। 51 अभिमानी मेरा अत्यन्त उपहास करते हैं, तौभी मैं तेरी व्यवस्था से नहीं हटता। 52 हे मेरे परमपिता, जब मैं प्राचीनकाल से तेरे नियमों को स्मरण करता हूँ, तब शान्ति पाता हूँ। 53 दुष्टों के कारण, जो तेरी व्यवस्था को त्याग देते हैं, मैं क्रोध से जल उठता हूँ। 54 तेरी विधियाँ मेरे गीत बनी हैं, चाहे मैं कहीं भी रहा हूँ। 55 मैं तेरे नाम को स्मरण करता हूँ, हे मेरे परमपिता, रात को भी, और तेरी व्यवस्था को मानता हूँ। 56 यह आशीष मुझे इसलिए मिली है, कि मैंने तेरे उपदेशों को माना है।
57 मेरे परमपिता मेरा भाग हैं; मैंने तेरे वचनों को मानने की प्रतिज्ञा की है। 58 मैंने अपने सम्पूर्ण मन से तुझे मनाया है; अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार मुझ पर अनुग्रह कर। 59 मैंने अपने मार्गों पर विचार किया, और अपने पाँव तेरी चितौनियों की ओर फेरे। 60 मैंने तेरी आज्ञाओं के मानने में विलम्ब नहीं, वरन् फुर्ती की है। 61 यद्यपि दुष्टों की रस्सियों ने मुझे बाँध लिया है, तौभी मैं तेरी व्यवस्था को नहीं भूलता। 62 तेरे धर्ममय नियमों के कारण मैं आधी रात को तेरा धन्यवाद करने को उठता हूँ। 63 मैं उन सभों का संगी हूँ जो तेरा भय मानते हैं, अर्थात् उनका जो तेरे उपदेशों को मानते हैं। 64 हे मेरे परमपिता, पृथ्वी तेरी करुणा से भरपूर है; मुझे अपनी विधियाँ सिखा।
65 हे मेरे परमपिता, तूने अपने वचन के अनुसार अपने दास के साथ भलाई की है। 66 मुझे भला विवेक और ज्ञान सिखा, क्योंकि मैंने तेरी आज्ञाओं पर विश्वास किया है। 67 दुख पाने से पहले तो मैं भटकता था, परन्तु अब मैं तेरे वचन को मानता हूँ। 68 तू भला है और भला करता है; मुझे अपनी विधियाँ सिखा। 69 अभिमानियों ने तो मुझ पर झूठ के लेप लगाए हैं, परन्तु मैं अपने सम्पूर्ण मन से तेरे उपदेशों को मानता हूँ। 70 उनका मन चर्बी के समान सुन्न हो गया है, परन्तु मैं तेरी व्यवस्था से सुख पाता हूँ। 71 मुझे जो दुख हुआ यह मेरे लिए भला ही हुआ, कि मैं तेरी विधियों को सीख लूँ। 72 तेरे मुख की व्यवस्था मेरे लिए सोने-चाँदी के हजारों टुकड़ों से भी उत्तम है।
73 तेरे हाथों ने मुझे बनाया और रचा है; मुझे समझ दे कि मैं तेरी आज्ञाओं को सीख लूँ। 74 तेरा भय माननेवाले मुझे देखकर आनन्दित होंगे, क्योंकि मैंने तेरे वचन पर आशा लगाई है। 75 हे मेरे परमपिता, मैं जानता हूँ कि तेरे नियम धर्ममय हैं, और तूने अपनी सच्चाई के अनुसार मुझे दुख दिया है। 76 अपने दास के लिए की हुई अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार तेरी करुणा मुझे शान्ति दे। 77 तेरी कोमल दया मुझ पर हो, कि मैं जीवित रहूँ; क्योंकि तेरी व्यवस्था मेरा सुख है। 78 अभिमानी लज्जित हों, क्योंकि उन्होंने झूठ के द्वारा मुझ पर अन्याय किया है; परन्तु मैं तेरे उपदेशों पर ध्यान करूँगा। 79 तेरा भय माननेवाले मेरी ओर फिरें, अर्थात् वे जो तेरी चितौनियों को जानते हैं। 80 मेरा मन तेरी विधियों में निर्दोष रहे, कि मैं लज्जित न होऊँ।
81 मेरा प्राण तेरे उद्धार के लिए मूर्च्छित होता है; परन्तु मुझे तेरे वचन पर आशा है। 82 तेरी प्रतिज्ञा की बाट जोहते-जोहते मेरी आँखें धुँधली पड़ गई हैं; मैं कहता हूँ, “तू मुझे कब शान्ति देगा?” 83 मैं तो धुएँ में की मशक के समान हो गया हूँ, तौभी मैं तेरी विधियों को नहीं भूलता। a a v83 धुएँ भरे कमरे में टँगी मशक सिकुड़कर काली पड़ जाती है — कवि अपनी जर्जर दशा का यही चित्र देता है। 84 तेरे दास के कितने दिन रह गए हैं? तू मेरे सतानेवालों को कब दण्ड देगा? 85 अभिमानियों ने मेरे लिए गड्ढे खोदे हैं, जो तेरी व्यवस्था के अनुसार नहीं चलते। 86 तेरी सारी आज्ञाएँ सत्य हैं; वे झूठ के द्वारा मुझे सताते हैं; तू मेरी सहायता कर! 87 वे मुझे पृथ्वी पर से मिटा ही डालने पर थे, परन्तु मैंने तेरे उपदेशों को नहीं छोड़ा। 88 अपनी करुणा के अनुसार मुझे जिला, तब मैं तेरे मुख की चितौनियों को मानूँगा।
89 हे मेरे परमपिता, तेरा वचन आकाश में सदा के लिए स्थिर है। 90 तेरी सच्चाई पीढ़ी से पीढ़ी तक बनी रहती है; तूने पृथ्वी को स्थिर किया, इसलिए वह बनी है। 91 वे आज तक बने हुए हैं, क्योंकि तेरे नियम के अनुसार सब कुछ तेरे दास हैं। 92 यदि तेरी व्यवस्था मेरा सुख न होती, तो मैं दुख के समय नाश हो जाता। 93 मैं तेरे उपदेशों को कभी न भूलूँगा, क्योंकि उन्हीं के द्वारा तूने मुझे जीवन दिया है। 94 मैं तेरा ही हूँ, तू मुझे बचा, क्योंकि मैंने तेरे उपदेशों की खोज की है। 95 दुष्ट मेरा नाश करने की घात में लगे हैं, परन्तु मैं तेरी चितौनियों पर ध्यान करता हूँ। 96 मैंने देखा है कि हर एक पूर्णता की सीमा होती है, परन्तु तेरी आज्ञा अत्यन्त विस्तृत है।
97 आहा, मैं तेरी व्यवस्था से कैसा प्रेम रखता हूँ! दिन भर मेरा ध्यान उसी पर लगा रहता है। 98 तू अपनी आज्ञाओं के द्वारा मुझे मेरे शत्रुओं से अधिक बुद्धिमान करता है, क्योंकि वे सदा मेरे पास रहती हैं। 99 मैं अपने सब शिक्षकों से अधिक समझदार हूँ, क्योंकि मेरा ध्यान तेरी चितौनियों पर लगा रहता है। 100 मैं पुरनियों से भी अधिक समझता हूँ, क्योंकि मैं तेरे उपदेशों को मानता हूँ। 101 मैंने अपने पाँवों को हर एक बुरे मार्ग से रोक रखा है, ताकि मैं तेरे वचन को मानूँ। 102 मैं तेरे नियमों से नहीं हटता, क्योंकि तू ही ने मुझे शिक्षा दी है। 103 तेरे वचन मेरे स्वाद में कैसे मीठे लगते हैं, वे मेरे मुँह को मधु से भी मीठे लगते हैं! 104 तेरे उपदेशों के द्वारा मैं समझ प्राप्त करता हूँ; इसलिए मैं हर एक झूठे मार्ग से बैर रखता हूँ।
105 तेरा वचन मेरे पाँवों के लिए दीपक है, और मेरे मार्ग के लिए उजियाला है। 106 मैंने शपथ खाई और उसे पक्का किया है, कि मैं तेरे धर्ममय नियमों को मानूँगा। 107 हे मेरे परमपिता, मैं अत्यन्त दुखी हूँ; अपने वचन के अनुसार मुझे जिला। 108 हे मेरे परमपिता, मेरे मुँह के स्वेच्छाबलियों को ग्रहण कर, और मुझे अपने नियम सिखा। 109 मेरा प्राण निरन्तर मेरी हथेली पर रहता है, तौभी मैं तेरी व्यवस्था को नहीं भूलता। 110 दुष्टों ने मेरे लिए फंदा लगाया है, तौभी मैं तेरे उपदेशों से नहीं भटका। 111 तेरी चितौनियों को मैंने सदा के लिए अपना निज भाग कर लिया है, क्योंकि वे मेरे हृदय के हर्ष का कारण हैं। 112 मैंने अपने मन को तेरी विधियों के मानने में लगाया है, यह सदा से अन्त तक बना रहेगा।
113 मैं दुचित्तों से बैर रखता हूँ, परन्तु तेरी व्यवस्था से प्रेम रखता हूँ। 114 तू मेरी आड़ और मेरी ढाल है; मुझे तेरे वचन पर आशा है। 115 हे कुकर्मियो, मुझसे दूर हो जाओ, कि मैं अपने परमपिता की आज्ञाओं को मानूँ। 116 अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार मुझे सम्भाल, कि मैं जीवित रहूँ, और मुझे मेरी आशा के विषय में लज्जित न होने दे। 117 मुझे थामे रख, तब मैं सुरक्षित रहूँगा, और निरन्तर तेरी विधियों की ओर चित्त लगाए रहूँगा। 118 जितने तेरी विधियों से भटक जाते हैं उन सभों को तू तुच्छ जानता है, क्योंकि उनकी चतुराई व्यर्थ है। 119 तूने पृथ्वी के सब दुष्टों को धातु के मैल की नाईं दूर कर दिया है; इस कारण मैं तेरी चितौनियों से प्रेम रखता हूँ। 120 तेरे भय से मेरा शरीर काँप उठता है, और मैं तेरे नियमों से डरता हूँ।
121 मैंने न्याय और धर्म के काम किए हैं; मुझे मेरे अंधेर करनेवालों के हाथ न छोड़। 122 अपने दास की भलाई के लिए जमानत दे; अभिमानी मुझ पर अंधेर न करने पाएँ। 123 तेरे उद्धार की बाट जोहते-जोहते मेरी आँखें धुँधली पड़ गई हैं, और तेरी धर्ममय प्रतिज्ञा की पूर्ति की भी। 124 अपने दास के साथ अपनी करुणा के अनुसार बर्ताव कर, और मुझे अपनी विधियाँ सिखा। 125 मैं तेरा दास हूँ, मुझे समझ दे, कि मैं तेरी चितौनियों को जान लूँ। 126 अब समय आ गया है कि हमारे परमपिता काम करें, क्योंकि लोगों ने तेरी व्यवस्था को तोड़ दिया है। 127 इस कारण मैं तेरी आज्ञाओं को सोने से, वरन् कुन्दन से भी अधिक प्रिय जानता हूँ। 128 इस कारण मैं तेरे सब उपदेशों को ठीक जानता हूँ; और हर एक झूठे मार्ग से बैर रखता हूँ।
129 तेरी चितौनियाँ अद्भुत हैं; इस कारण मेरा प्राण उन्हें मानता है। 130 तेरी बातों के खुलने से प्रकाश होता है; उससे भोलों को समझ आती है। 131 मैं मुँह खोलकर हाँफने लगता हूँ, क्योंकि मैं तेरी आज्ञाओं का प्यासा हूँ। 132 जैसी तेरी रीति उनके साथ है जो तेरे नाम से प्रेम रखते हैं, वैसे ही मेरी ओर फिरकर मुझ पर अनुग्रह कर। 133 अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार मेरे पाँवों को स्थिर कर, और किसी अनर्थ को मुझ पर प्रभुता न करने दे। 134 मुझे मनुष्यों के अंधेर से छुड़ा ले, तब मैं तेरे उपदेशों को मानूँगा। 135 अपने दास पर अपने मुख का प्रकाश चमका, और मुझे अपनी विधियाँ सिखा। 136 मेरी आँखों से आँसुओं की धाराएँ बहती रहती हैं, क्योंकि लोग तेरी व्यवस्था को नहीं मानते।
137 हे मेरे परमपिता, तू धर्मी है, और तेरे नियम सीधे हैं। 138 तूने अपनी चितौनियों को धर्म और पूरी सच्चाई के साथ ठहराया है। 139 मेरी जलन ने मुझे भस्म कर डाला है, क्योंकि मेरे बैरी तेरे वचनों को भूल गए हैं। 140 तेरा वचन भली भाँति परखा हुआ है, इसलिए तेरा दास उससे प्रेम रखता है। 141 मैं तो छोटा और तुच्छ हूँ, तौभी मैं तेरे उपदेशों को नहीं भूलता। 142 तेरा धर्म सदा का धर्म है, और तेरी व्यवस्था सत्य है। 143 मुझ पर संकट और सकेती आ पड़ी है, तौभी तेरी आज्ञाएँ मेरा सुख हैं। 144 तेरी चितौनियाँ सदा धर्ममय हैं; मुझे समझ दे कि मैं जीवित रहूँ।
145 हे मेरे परमपिता, मैं अपने सम्पूर्ण मन से पुकारता हूँ, मुझे उत्तर दे! मैं तेरी विधियों को मानूँगा। 146 मैं तुझे पुकारता हूँ; तू मुझे बचा, तब मैं तेरी चितौनियों को मानूँगा। 147 मैं पौ फटने से पहले उठकर दोहाई देता हूँ; मुझे तेरे वचनों पर आशा है। 148 रात के पहरों के आने से पहले ही मेरी आँखें खुल जाती हैं, कि मैं तेरी प्रतिज्ञा पर ध्यान करूँ। b b v148 रात कई नियत पहरों में बँटी होती थी (साधारणतः तीन या चार पारियों में); कवि प्रार्थना करने के लिए हर पहर से पहले जाग उठता है। 149 अपनी करुणा के अनुसार मेरी सुन ले; हे मेरे परमपिता, अपने नियमों के अनुसार मुझे जिला। 150 वे निकट आ गए हैं जो बुरी युक्ति से मुझे सताते हैं; वे तेरी व्यवस्था से दूर हैं। 151 परन्तु हे मेरे परमपिता, तू निकट है, और तेरी सारी आज्ञाएँ सत्य हैं। 152 तेरी चितौनियों से मैं यह बहुत पहले से जान गया हूँ, कि तूने उन्हें सदा के लिए स्थिर किया है।
153 मेरे दुख पर दृष्टि कर और मुझे छुड़ा, क्योंकि मैं तेरी व्यवस्था को नहीं भूलता। 154 मेरे मुकद्दमे को लड़, और मुझे छुड़ा; अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार मुझे जिला। 155 उद्धार दुष्टों से दूर है, क्योंकि वे तेरी विधियों को नहीं खोजते। 156 हे मेरे परमपिता, तेरी कोमल दया बड़ी है; अपने नियमों के अनुसार मुझे जिला। 157 बहुत हैं मेरे सतानेवाले और मेरे बैरी, तौभी मैं तेरी चितौनियों से नहीं हटता। 158 मैं विश्वासघातियों को घृणा से देखता हूँ, क्योंकि वे तेरे वचन को नहीं मानते। 159 देख, मैं तेरे उपदेशों से कैसा प्रेम रखता हूँ! हे मेरे परमपिता, मुझे जिला, अपनी करुणा के अनुसार। 160 तेरे वचन का सार सत्य ही है, और तेरा एक-एक धर्ममय नियम सदा तक बना रहता है।
161 हाकिम मुझे व्यर्थ ही सताते हैं, परन्तु मेरा मन तेरे वचनों का भय मानता है। 162 जैसे कोई बड़ी लूट पाकर आनन्दित होता है, वैसे ही मैं तेरे वचन के कारण आनन्दित हूँ। 163 मैं झूठ से बैर और घृणा रखता हूँ, परन्तु तेरी व्यवस्था से प्रेम रखता हूँ। 164 मैं दिन में सात बार तेरी स्तुति करता हूँ, तेरे धर्ममय नियमों के कारण। 165 तेरी व्यवस्था से प्रेम रखनेवालों को बड़ी शान्ति मिलती है; उन्हें कुछ भी ठोकर नहीं खिला सकता। 166 हे मेरे परमपिता, मैं तेरे उद्धार की आशा रखता हूँ, और तेरी आज्ञाओं को मानता हूँ। 167 मेरा प्राण तेरी चितौनियों को मानता आया है; और मैं उनसे अत्यन्त प्रेम रखता हूँ। 168 मैंने तेरे उपदेशों और चितौनियों को माना है, क्योंकि मेरी सारी चाल तेरे सामने प्रगट है।
169 हे मेरे परमपिता, मेरी दोहाई तेरे सम्मुख पहुँचे; अपने वचन के अनुसार मुझे समझ दे। 170 मेरी बिनती तेरे सम्मुख आए; अपने वचन के अनुसार मुझे छुड़ा। 171 मेरे होंठों से स्तुति उमड़ आएगी, क्योंकि तू मुझे अपनी विधियाँ सिखाता है। 172 मेरी जीभ तेरे वचन का गीत गाएगी, क्योंकि तेरी सारी आज्ञाएँ धर्ममय हैं। 173 तेरा हाथ मेरी सहायता के लिए तैयार रहे, क्योंकि मैंने तेरे उपदेशों को चुन लिया है। 174 हे मेरे परमपिता, मैं तेरे उद्धार की अभिलाषा करता हूँ, और तेरी व्यवस्था मेरा सुख है। 175 मेरा प्राण जीवित रहे कि वह तेरी स्तुति करे, और तेरे नियम मेरी सहायता करें। 176 मैं खोई हुई भेड़ के समान भटक गया हूँ; अपने दास को ढूँढ़ ले, क्योंकि मैं तेरी आज्ञाओं को नहीं भूलता। c c v176 यह सबसे लम्बा भजन भटक जाने के अंगीकार और परमपिता से आकर उसे ढूँढ़ लेने की बिनती के साथ समाप्त होता है — वही चरवाहे का हृदय जो यीशु तब प्रगट करते हैं जब वे निन्यानबे को छोड़कर उस एक भटकी हुई भेड़ को ढूँढ़ने जाते हैं (लूका 15:4-6)।