एक गीत। दाऊद का एक भजन।
108 1 हे मेरे परमपिता, मेरा हृदय स्थिर है; मैं अपने सम्पूर्ण अस्तित्व से गाऊँगा और भजन गाऊँगा। 2 हे सारंगी और वीणा, जाग उठो! मैं भोर को जगाऊँगा। 3 हे मेरे परमपिता, मैं देश-देश के लोगों के बीच तेरी स्तुति करूँगा; जाति-जाति के बीच मैं तेरा भजन गाऊँगा। 4 क्योंकि तेरी वाचा की करुणा महान है, आकाश से भी ऊँची है, और तेरी सच्चाई आकाशमण्डल तक पहुँचती है।
5 हे मेरे परमपिता, तू स्वर्ग के ऊपर महान ठहर, और तेरी महिमा समस्त पृथ्वी पर छा जाए। 6 अपने दाहिने हाथ से हमें बचा और मुझे उत्तर दे, कि जिन से तू प्रेम रखता है वे छुड़ाए जाएँ।
7 हमारे परमपिता ने अपनी पवित्रता में कहा है: “मैं जयजयकार के साथ शेकेम को बाँट दूँगा और सुक्कोत की तराई को नाप लूँगा।” 8 गिलाद मेरा है, मनश्शे मेरा है; एप्रैम मेरा टोप है, यहूदा मेरा राजदण्ड।
9 मोआब मेरा धोने का पात्र है; एदोम पर मैं अपनी जूती फेंकता हूँ; पलिश्तीन के ऊपर मैं जयजयकार करता हूँ।
10 मुझे गढ़वाले नगर में कौन पहुँचाएगा? एदोम तक मेरी अगुवाई कौन करेगा? 11 हे हमारे परमपिता, क्या यह तू ही नहीं, जिसने हमें त्याग दिया था, और अब हमारी सेनाओं के साथ नहीं निकलता? 12 शत्रु के विरुद्ध हमारी सहायता कर, क्योंकि मनुष्य का बचाव व्यर्थ है। 13 हमारे परमपिता के साथ हम विजय पाएँगे, और वही हमारे शत्रुओं को कुचल डालेगा।