अन्तिम सात विपत्तियाँ
15 1फिर मैंने स्वर्ग में एक और चिन्ह देखा, जो बड़ा और अद्भुत था: सात स्वर्गदूत, जिनके पास अन्तिम सात विपत्तियाँ थीं, क्योंकि इन्हीं में हमारे परमपिता का प्रकोप पूरा हुआ।
2और मैंने आग से मिली हुई काँच के समुद्र जैसी कोई वस्तु देखी, और जो उस पशु पर, और उसकी मूरत पर, और उसके नाम के अंक पर जय पा चुके थे, वे उसके किनारे खड़े थे, और उनके हाथों में हमारे परमपिता की दी हुई वीणाएँ थीं। 3और वे परमपिता के दास मूसा का गीत, और यीशु मेम्ने का गीत गा रहे थे: “हे सर्वशक्तिमान प्रभु परमपिता, तेरे काम बड़े और अद्भुत हैं! हे जाति-जाति के राजा, तेरे मार्ग न्यायपूर्ण और सच्चे हैं! 4हे पिता, कौन तुझ से न डरेगा, और तेरे नाम की महिमा न करेगा? क्योंकि केवल तू ही पवित्र है। सारी जातियाँ आकर तेरे सामने दण्डवत् करेंगी, क्योंकि तेरे धर्ममय काम प्रगट हो गए हैं।”
5इसके बाद मैंने देखा, और स्वर्ग में साक्षी के तम्बू का मन्दिर खोला गया। 6और वे सात स्वर्गदूत जिनके पास सात विपत्तियाँ थीं, स्वच्छ और चमकीले मलमल के वस्त्र पहने, और अपनी छातियों पर सोने के पटुके बाँधे हुए, मन्दिर से निकले।
7और उन चार प्राणियों में से एक ने उन सात स्वर्गदूतों को हमारे परमपिता के, जो युगानुयुग जीवित है, प्रकोप से भरे हुए सात सोने के कटोरे दिए। 8और हमारे परमपिता की महिमा और उसकी सामर्थ्य से मन्दिर धुएँ से भर गया, और जब तक उन सात स्वर्गदूतों की सात विपत्तियाँ पूरी न हो लीं, तब तक कोई उस में प्रवेश न कर सका।