मेम्ना और एक लाख चौवालीस हज़ार
14 1मैंने मेम्ने, यीशु को, सिय्योन पर्वत पर खड़े देखा, और उसके साथ एक लाख चौवालीस हज़ार थे, जिनके माथे पर उसका नाम और उसके पिता का नाम लिखा हुआ था। 2मैंने स्वर्ग से एक शब्द सुना, जो बहुत से जल की गरज और बड़े गर्जन के समान था, और जो शब्द मैंने सुना वह वीणा बजानेवालों के अपनी वीणा बजाने के समान था। 3उन्होंने सिंहासन के सामने, और चार जीवित प्राणियों तथा प्राचीनों के सामने एक नया गीत गाया; और उस गीत को केवल वे एक लाख चौवालीस हज़ार ही सीख सके, जो पृथ्वी पर से छुड़ाए गए थे। 4ये वे हैं जो स्त्रियों के साथ अशुद्ध नहीं हुए, क्योंकि वे कुँवारे हैं। ये मेम्ने, यीशु के, पीछे जहाँ-जहाँ वह जाता है चलते हैं; ये मनुष्यों में से मोल लिए गए हैं, और हमारे परमपिता तथा मेम्ने के लिये पहले फल ठहरे, 5और उनके मुँह में कोई झूठ न पाया गया; वे निर्दोष हैं।
अनन्त सुसमाचार की घोषणा
6फिर मैंने एक और स्वर्गदूत को आकाश के बीच में उड़ते हुए देखा, जिसके पास पृथ्वी के रहनेवालों को—अर्थात् हर एक जाति, कुल, भाषा, और लोगों को—सुनाने के लिये अनन्त सुसमाचार था। 7उसने ऊँचे शब्द से पुकारकर कहा, “हमारे परमपिता से डरो और उसकी महिमा करो, क्योंकि उसके न्याय की घड़ी आ पहुँची है। जिसने स्वर्ग, पृथ्वी, समुद्र, और जल के सोते बनाए, उसकी आराधना करो।”
8फिर दूसरा स्वर्गदूत पीछे आया और कहा, “गिर पड़ा, गिर पड़ा वह बड़ा बाबुल, जिसने अपने व्यभिचार की जलन-भरी मदिरा सब जातियों को पिलाई है।”
9फिर तीसरा स्वर्गदूत उनके पीछे आया और ऊँचे शब्द से कहने लगा, “जो कोई उस पशु और उसकी मूरत की आराधना करे, और अपने माथे या हाथ पर छाप ले, 10वह भी हमारे परमपिता के प्रकोप की उस मदिरा को पिएगा, जो उसके क्रोध के कटोरे में बिना मिलावट के तैयार की गई है; और पवित्र स्वर्गदूतों और मेम्ने के सामने आग और गन्धक से पीड़ा पाएगा। 11उनकी पीड़ा का धुआँ युगानुयुग उठता रहेगा; और जो उस पशु और उसकी मूरत की आराधना करते हैं, तथा जो उसके नाम की छाप लेते हैं, उन्हें दिन-रात कुछ भी चैन नहीं मिलेगा।”
12पवित्र लोगों का धीरज इसी में है: वे जो हमारे परमपिता की आज्ञाओं को मानते हैं और यीशु पर अपने विश्वास को बनाए रखते हैं।
13फिर मैंने स्वर्ग से यह शब्द सुना, “लिख: धन्य हैं वे मरे हुए, जो अब से प्रभु में मरते हैं।” पवित्र आत्मा कहता है, “हाँ, वे अपने परिश्रमों से विश्राम पाएँगे, क्योंकि उनके कर्म उनके साथ हो लेते हैं।”
मनुष्य के पुत्र के समान एक
14फिर मैंने दृष्टि की: एक उजला बादल, और उस बादल पर मनुष्य के पुत्र के समान एक—अर्थात् यीशु—बैठा हुआ था, जिसके सिर पर सोने का मुकुट और हाथ में एक तेज़ हँसुआ था। 15फिर एक और स्वर्गदूत मन्दिर में से निकला, और उस बादल पर बैठनेवाले से ऊँचे शब्द में पुकारकर कहा, “अपना हँसुआ लगा और कटनी कर, क्योंकि कटनी का समय आ पहुँचा है; पृथ्वी की खेती पूरी तरह पक चुकी है।” 16तब उस बादल पर बैठनेवाले ने पृथ्वी पर अपना हँसुआ चलाया, और पृथ्वी की कटनी हो गई।
17फिर एक और स्वर्गदूत उस मन्दिर में से निकला, जो स्वर्ग में है, और उसके पास भी एक तेज़ हँसुआ था। 18फिर एक और स्वर्गदूत, जिसे आग पर अधिकार था, वेदी में से निकला और उस तेज़ हँसुए के धारण करनेवाले से ऊँचे शब्द में पुकारकर कहा, “अपना तेज़ हँसुआ लगाकर पृथ्वी की दाखलता के गुच्छे बटोर ले, क्योंकि उसके अंगूर पक चुके हैं।” 19तब उस स्वर्गदूत ने अपना हँसुआ पृथ्वी पर लगाया और पृथ्वी की दाखलता की कटनी की, और उसे हमारे परमपिता के प्रकोप के बड़े रसकुण्ड में डाल दिया। 20वह रसकुण्ड नगर के बाहर रौंदा गया, और उस रसकुण्ड में से इतना लहू बहा कि वह घोड़ों की लगाम तक जा पहुँचा, और लगभग एक सौ अस्सी मील तक फैल गया।