अपने परमपिता के सामने दाऊद की पुकार
दाऊद की एक प्रार्थना।
86 1 हे मेरे परमपिता, झुककर मेरी सुन; उत्तर मुझे दे, क्योंकि मैं दीन और दरिद्र हूँ।
2 मेरे प्राण की रक्षा कर, क्योंकि मैं तेरा भक्त हूँ; अपने दास को बचा ले जो तुझ पर भरोसा रखता है—तू ही मेरा परमपिता है। 3 हे मेरे प्रभु परमपिता, मुझ पर अनुग्रह कर, क्योंकि मैं दिन भर तुझे पुकारता रहता हूँ। 4 अपने दास के प्राण को आनन्दित कर, क्योंकि हे मेरे प्रभु परमपिता, मैं अपना मन तेरी ओर लगाता हूँ।
5 क्योंकि हे मेरे प्रभु परमपिता, तू भला और क्षमाशील है, और उन सब पर जो तुझे पुकारते हैं करुणा से भरपूर है। 6 हे मेरे परमपिता, मेरी प्रार्थना सुन; मेरी गिड़गिड़ाहट पर कान लगा। 7 संकट के दिन मैं तुझे पुकारता हूँ, और तू मुझे उत्तर देता है।
8 देवताओं में तेरे तुल्य कोई नहीं, हे मेरे प्रभु परमपिता, और न तेरे कामों के समान कोई काम है। 9 सारी जातियाँ जिन्हें तूने बनाया है आकर हे मेरे प्रभु परमपिता तेरे सामने दण्डवत करेंगी, और तेरे नाम की महिमा करेंगी। 10 क्योंकि तू महान है और आश्चर्यकर्म करता है; केवल तू ही मेरा परमपिता है।
11 हे मेरे परमपिता, मुझे अपना मार्ग सिखा, कि मैं तेरी सच्चाई में चलूँ; मुझे एकचित्त मन दे कि मैं तेरे नाम का भय मानूँ। 12 हे मेरे प्रभु परमपिता, मैं अपने सारे मन से तेरा धन्यवाद करूँगा, और सदा तेरे नाम की महिमा करता रहूँगा। 13 क्योंकि मुझ पर तेरी करुणा बड़ी है; तूने मेरे प्राण को अधोलोक की गहराई से छुड़ाया है। a a v13 अधोलोक (शिओल) मृतकों के लोक का इब्रानी नाम है, जिसे कल्पना में सबसे गहरे स्थान के रूप में दर्शाया गया है।
14 हे मेरे परमपिता, अभिमानी लोग मेरे विरुद्ध उठ खड़े हुए हैं; निर्दयी लोगों का दल मेरे प्राणों का ग्राहक है, और वे तुझे कुछ नहीं समझते। 15 परन्तु हे मेरे प्रभु परमपिता, तू दयालु और अनुग्रहकारी परमपिता है, विलम्ब से क्रोध करनेवाला और करुणा तथा सच्चाई से भरपूर है। 16 मेरी ओर फिर और मुझ पर अनुग्रह कर; अपने दास को अपना बल दे, और अपनी दासी के पुत्र को बचा ले। 17 मुझे अपनी कृपा का कोई चिन्ह दिखा, कि मेरे बैरी उसे देखकर लज्जित हों, क्योंकि हे मेरे परमपिता, तूने मेरी सहायता की और मुझे शान्ति दी है।