तेरे लिए प्यासा
दाऊद का एक भजन, जब वह यहूदा के जंगल में था।
63 1 हे मेरे परमपिता, तू ही मेरा पिता है; मैं ढूँढ़ता हूँ तुझे पूरे मन से। मेरा प्राण प्यासा है तेरा, मेरा सारा शरीर तेरे लिए तरसता है, ऐसे सूखे और उजाड़ देश में जहाँ पानी नहीं। 2 इसलिए मैंने पवित्रस्थान में तुझे निहारा है और तेरी सामर्थ्य और तेरी महिमा देखी है। 3 क्योंकि तेरी करुणा जीवन से भी उत्तम है, मेरे होंठ तेरी स्तुति करेंगे। 4 इसलिए मैं जीवन भर तुझे धन्य कहूँगा; तेरे नाम में मैं अपने हाथ उठाऊँगा। 5 मेरा प्राण चिकनी-चुपड़ी उत्तम वस्तुओं से मानो तृप्त होता है, और आनन्दित होंठों से मेरा मुख तेरी स्तुति करता है।
6 जब मैं अपने बिछौने पर तुझे स्मरण करता हूँ, और रात के लम्बे पहरों में तेरा ध्यान करता हूँ। 7 क्योंकि तू मेरा सहायक रहा है, और तेरे पंखों की छाया में मैं जयजयकार करता हूँ। 8 मेरा प्राण लिपटा रहता है तुझ से; तेरा दाहिना हाथ मुझे थामे रहता है।
9 परन्तु जो नष्ट करने की खोज में हैं मेरे प्राण को, वे पृथ्वी के गहरे स्थानों में उतर जाएँगे। 10 वे तलवार के वश में कर दिए जाएँगे; वे गीदड़ों का आहार बन जाएँगे। 11 परन्तु राजा हमारे परमपिता में आनन्दित होगा; जितने हमारे परमपिता की शपथ खाते हैं, सब बड़ाई करेंगे, क्योंकि झूठ बोलनेवालों के मुँह बन्द कर दिए जाएँगे।