छुटकारे के लिये दाऊद की पुकार
प्रधान बजानेवाले के लिये: तार वाले बाजों के साथ। दाऊद का मश्कील, जब जीपी लोगों ने शाऊल के पास जाकर कहा, “क्या दाऊद हमारे बीच में छिपा नहीं रहता?”
54 1 हे मेरे परमपिता, अपने नाम से मेरा उद्धार कर, और अपने पराक्रम से मेरा न्याय कर। 2 हे मेरे परमपिता, मेरी प्रार्थना सुन; मेरे मुँह के वचनों पर कान लगा। 3 क्योंकि परदेशी लोग मेरे विरुद्ध उठ खड़े हुए हैं, और क्रूर लोग मेरे प्राण के प्यासे हैं — उन्होंने हमारे परमपिता का कुछ विचार नहीं किया। सेला।
4 निश्चय मेरे परमपिता मेरे सहायक हैं; प्रभु परमपिता मेरे प्राण के संभालनेवाले हैं। 5 वह उस बुराई को लौटा देगा उन्हीं पर जो मेरी घात में लगे हैं; अपनी सच्चाई के अनुसार उनका अन्त कर दे। 6 मैं स्वेच्छाबलि से बलिदान चढ़ाऊँगा तुझे; हे मेरे परमपिता, मैं तेरे नाम का धन्यवाद करूँगा, क्योंकि वह भला है। 7 क्योंकि उसने मुझे हर संकट से छुड़ाया है, और मेरी आँखों ने मेरे शत्रुओं पर विजयी दृष्टि की है।