प्रधान बजानेवाले के लिये। दाऊद का एक भजन।
20 1 संकट के दिन हमारे परमपिता तुझे उत्तर दें; याकूब के पिता का नाम तेरी रक्षा करे। 2 वह पवित्रस्थान से तेरी सहायता भेजे, और सिय्योन से तुझे सम्भाले। 3 वह तेरी सब भेंटों को स्मरण करे और तेरे होमबलि को प्रसन्नता से ग्रहण करे। सेला। 4 वह तेरे मन की अभिलाषा पूरी करे और तेरी सारी युक्तियों को सफल करे।
5 हम तेरे उद्धार के कारण जयजयकार करेंगे, और हमारे परमपिता के नाम से अपने झण्डे ऊँचे करेंगे। हमारे परमपिता तेरी सारी विनतियों को पूरी करें। 6 अब मैं जान गया कि हमारे परमपिता अपने अभिषिक्त का उद्धार करते हैं; वह अपने पवित्र स्वर्ग से उसकी सुनते हैं अपने दाहिने हाथ के उद्धार करनेवाले सामर्थ्य से। 7 कोई रथों पर, तो कोई घोड़ों पर भरोसा रखते हैं, परन्तु हम अपने परमपिता के नाम का भरोसा रखते हैं। 8 वे झुककर गिर पड़ते हैं, परन्तु हम उठकर स्थिर खड़े रहते हैं। 9 हे हमारे परमपिता, बचा ले राजा को! जब हम पुकारें तब हमें उत्तर दे।