एज्रा व्यवस्था को ऊँचे स्वर से पढ़ता है
8 1जब सातवाँ महीना आया, तब सब लोग एकमन होकर जलफाटक के सामने के चौक में इकट्ठे हुए, और उन्होंने एज्रा शास्त्री से कहा कि मूसा की व्यवस्था की पुस्तक ले आए, जिसकी आज्ञा हमारे परमपिता ने इस्राएल को दी थी। 2सातवें महीने के पहले दिन एज्रा याजक व्यवस्था को उस सभा के सामने ले आया, जिसमें पुरुष, स्त्रियाँ, और वे सब थे जो सुनकर समझ सकते थे। 3उसने जलफाटक के सामने के चौक की ओर मुँह करके भोर से दोपहर तक पुरुषों, स्त्रियों, और उन सब के सामने जो समझ सकते थे, उसे पढ़कर सुनाया; और सब लोग व्यवस्था की पुस्तक की ओर कान लगाए रहे। 4एज्रा शास्त्री इस काम के लिये बनी हुई काठ की एक ऊँची चौकी पर खड़ा हुआ; और उसके दाहिनी ओर मत्तित्याह, शेमा, अनायाह, ऊरिय्याह, हिलकिय्याह, और मासेयाह खड़े थे; और उसकी बाईं ओर पदायाह, मीशाएल, मल्किय्याह, हाशूम, हश्बद्दाना, जकर्याह, और मशुल्लाम खड़े थे। 5एज्रा ने सब लोगों के देखते हुए पुस्तक खोली, क्योंकि वह सब लोगों से ऊँचे पर खड़ा था; और जब उसने उसे खोला, तब सब लोग खड़े हो गए। 6तब एज्रा ने हमारे परमपिता, महान परमेश्वर की स्तुति की; और सब लोगों ने अपने हाथ उठाकर उत्तर दिया, “आमीन! आमीन!” और उन्होंने झुककर भूमि की ओर मुँह करके हमारे परमपिता को दण्डवत् किया।
7लेवीय — येशुअ, बानी, शेरेब्याह, यामीन, अक्कूब, शब्बतै, होदिय्याह, मासेयाह, कलीता, अजर्याह, योजाबाद, हानान, और पलायाह — लोगों को व्यवस्था समझाते रहे, और लोग अपने-अपने स्थान पर खड़े रहे। 8उन्होंने उस पुस्तक में से, अर्थात् हमारे परमपिता की व्यवस्था में से, साफ़-साफ़ पढ़ा, और अर्थ समझा दिया, यहाँ तक कि लोग पढ़ी हुई बात को समझ गए।
9तब नहेम्याह अधिपति, और एज्रा याजक और शास्त्री, और लोगों को सिखानेवाले लेवियों ने उन सब से कहा, “यह दिन तुम्हारे परमपिता के लिये पवित्र है। शोक मत करो और मत रोओ।” क्योंकि सब लोग व्यवस्था के वचन सुनकर रो रहे थे। 10नहेम्याह ने उनसे कहा, “जाकर चिकना-चिकना भोजन खाओ, और मीठा-मीठा पीओ, और जिनके पास कुछ तैयार नहीं है उनके पास भोजन के अंश भेजो, क्योंकि यह दिन हमारे सर्वसत्ताधारी परमपिता के लिये पवित्र है। उदास मत हो, क्योंकि हमारे परमपिता का आनन्द तुम्हारा बल है।”
11लेवीय यह कहकर सब लोगों को शान्त कराते रहे, “चुप रहो, क्योंकि यह दिन पवित्र है; उदास मत हो।”
12तब सब लोग खाने, पीने, और अंश बाँटने, और बड़े आनन्द के साथ उत्सव मनाने को चले गए, क्योंकि जो वचन उन्हें बताए गए थे उन्हें वे समझ गए थे।
झोपड़ियों का पर्व मनाना
13दूसरे दिन सब लोगों के पितरों के घरानों के मुख्य पुरुष, याजकों और लेवियों समेत, एज्रा शास्त्री के पास इसलिये इकट्ठे हुए कि व्यवस्था के वचनों को ध्यान से समझें। 14उन्हें व्यवस्था में लिखा हुआ यह मिला, जिसकी आज्ञा हमारे परमपिता ने मूसा के द्वारा दी थी, कि इस्राएली सातवें महीने के पर्व में झोपड़ियों में रहें। 15और यह कि वे अपने सब नगरों में और यरूशलेम में यह प्रचार करें और घोषणा फैलाएँ, “पहाड़ों पर जाकर जैतून, जंगली जैतून, मेंहदी, खजूर, और अन्य घने पत्तेवाले वृक्षों की डालियाँ ले आओ, कि जैसा लिखा है वैसे झोपड़ियाँ बनाई जाएँ।”
16तब लोगों ने निकलकर डालियाँ ले आईं, और अपने-अपने घर की छत पर, और अपने आँगनों में, और हमारे परमपिता के भवन के आँगनों में, और जलफाटक के चौक में, और एप्रैमी फाटक के चौक में झोपड़ियाँ बनाईं। 17बन्धुआई से लौटे हुए लोगों की सारी मण्डली ने झोपड़ियाँ बनाईं, और उनमें रहने लगे; क्योंकि नून के पुत्र यहोशू के दिनों से लेकर उस दिन तक इस्राएलियों ने ऐसा नहीं किया था; और उनको बहुत बड़ा आनन्द हुआ। 18पहले दिन से लेकर अन्तिम दिन तक, एज्रा प्रतिदिन हमारे परमपिता की व्यवस्था की पुस्तक में से पढ़ता रहा। वे सात दिन तक पर्व मनाते रहे, और आठवें दिन विधि के अनुसार महासभा हुई।