भनभनाते पंखोंवाला देश
18 1हाय, भनभनाते पंखोंवाले देश, जो कूश की नदियों के पार है, 2जो समुद्र के मार्ग से दूत भेजता है, और जल के ऊपर सरकंडे की नावों में। हे तेज़ दूतो, जाओ, उस जाति के पास जो लंबी और चिकनी चमड़ीवाली है, उन लोगों के पास जो भय के कारण जाने जाते हैं, दूर और निकट, उस जाति के पास जो सामर्थी और रौंद डालनेवाली है, जिसका देश नदियों से विभाजित है। 3हे जगत के सब निवासियो, और पृथ्वी पर बसनेवालो: जब पहाड़ों पर झंडा खड़ा किया जाए, तब देखो! और जब नरसिंगा फूँका जाए, तब सुनो!
4क्योंकि हमारे परमपिता ने मुझ से यों कहा है: मैं शांत रहूँगा, और अपने निवासस्थान से दृष्टि लगाए देखता रहूँगा, जैसे धूप में तेज़ गरमी होती है, और जैसे कटनी की गरमी में ओस भरा बादल छाता है।
5क्योंकि कटनी से पहले, जब फूल झड़ जाता है और कली पकती हुई दाख बन जाती है, तब हमारे परमपिता हँसुओं से डालियों को काट डालेंगे, और फैलती हुई शाखाओं को छाँटकर दूर कर देंगे। 6वे सब मांसाहारी पक्षियों के लिए छोड़ दी जाएँगी पहाड़ों के, और पृथ्वी के जंगली पशुओं के लिए। मांसाहारी पक्षी गर्मी बिताएँगे उन पर, और पृथ्वी के सब जंगली पशु उन पर जाड़ा काटेंगे। 7उस समय स्वर्गीय सेनाओं के पिता के लिए भेंट लाई जाएँगी, उन लोगों की ओर से जो लंबे और चिकनी चमड़ीवाले हैं, उन लोगों की ओर से जो भय के कारण जाने जाते हैं, दूर और निकट, उस जाति से जो सामर्थी और रौंद डालनेवाली है, जिसका देश नदियों से विभाजित है—स्वर्गीय सेनाओं के पिता के नाम के स्थान, अर्थात् सिय्योन पर्वत पर।