तूने मुझे शान्ति दी है
12 1उस दिन तू कहेगा: “मैं स्तुति करूँगा तेरी, हे मेरे परमपिता, क्योंकि यद्यपि तू क्रोधित था मुझ पर, तेरा क्रोध टल गया है, और तूने मुझे शान्ति दी है। 2देख, हमारे परमपिता ही मेरा उद्धार हैं; मैं भरोसा रखूँगा और न डरूँगा, क्योंकि मेरे परमपिता ही मेरा बल और मेरा गीत हैं; वे मेरा उद्धार बन गए हैं।” 3तुम आनन्द के साथ उद्धार के सोतों से जल भरोगे। 4उस दिन तुम कहोगे: “हमारे परमपिता का धन्यवाद करो, उनके नाम की दुहाई दो, सब देशों के लोगों में उनके कामों का वर्णन करो, यह प्रचार करो कि उनका नाम महान है। 5हमारे परमपिता के लिये भजन गाओ, क्योंकि उन्होंने महिमामय काम किए हैं; यह सारी पृथ्वी में जान लिया जाए। 6हे सिय्योन की निवासिनी, ऊँचे स्वर से जयजयकार कर और आनन्द से गा, क्योंकि इस्राएल का पवित्र—हमारे परमपिता—तेरे बीच में महान हैं।”